रेलवे स्टेशन पर लगी यात्रियों की भीड़। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। अंबाला-लुधियाना रेल मार्ग पर गोविंदगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म के निर्माण व रेल लाइन से जोड़ने के लिए नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य के चलते रेलवे यातायात प्रभावित रहा। इस कार्य के चलते रेलवे ने दो ट्रेनों को रद्द कर दिया, जिससे पंजाब व दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेलवे लाइन पर चल रहे कार्य के कारण 24 मई तक तीन ट्रेनें रद्द रहेंगी। इससे यात्रियों को थोड़ी परेशानी होगी। यात्रियों को दूसरी गाड़ियों में यात्रा करने को मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान लोगों की योजनाओं पर पानी फिर गया।
गोविंदगढ़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्य के चलते रेलवे ने शनिवार को गाड़ी संख्या 12460/59 अमृतसर-नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस व दिल्ली से कटरा जाने वाली गाड़ी संख्या 14033 जम्मू मेल रद्द कर दी। इससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी के इस मौसम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। यात्रियों ने करीब एक माह पहले ही कटरा जाने के लिए जम्मू मेल में सीटें बुक करवाई थी। ट्रेन रद्॑द होने से यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ट्रेन के रद्द होने से अनेक यात्रियों को अपनी यात्रा ही निरस्त करनी पड़ी।
ये ट्रेनें की रद्द
संख्या ट्रेन का नाम कब तक रद्द
12459 नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस 24 मई तक रद्द रहेगी
12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 24 मई तक रद्द रहेगी
14033 पुरानी दिल्ली से कटरा जम्मू मेल 23 मई तक रद्द रहेगी
14034 कटरा से पुरानी दिल्ली जम्मू मेल 22 से 24 मई तक रद्द रहेगी
12497/98 शान ए पंजाब 23 व 24 मई को रद्द रहेगी
वर्जन
पंजाब में गोविंदगढ़ रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। इसकी वजह से शनिवार को दो ट्रेनें रद्द रहीं। इससे यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ी। 24 मई तक इंटरसिटी एक्सप्रेस, जम्मू मेल व शान ए पंजाब को रद्द किया गया है। तीन दिन यात्रियों को परेशानी हो सकती है। 25 मई से इन ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
सुनील कुमार, स्टेशन अधीक्षक, सोनीपत