सेक्टर-15 एचएसवीपी मैदान पर लगाए गए पंडाल में पहुंचीं छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष को हिरासत मे?
- फोटो : Sonipat
नियम 134ए को खत्म करने व इस नियम के तहत पात्र विद्यार्थियों का दाखिला न होने के विरोध में सीएम का विरोध करने सेक्टर-15 एचएसवीपी मैदान पर पहुंचीं छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी सहित कई अभिभावकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसका पता लगते ही अन्य अभिभावक भी सेक्टर-27 थाने के पास इकट्ठा हुए और हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
सेक्टर-15 एचएचवीपी मैदान से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को पांच बड़ी सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करना था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सांसद रमेश कौशिक सहित कई अन्य मंत्री व विधायक पहुंचने थे। छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी व कुछ अभिभावक भी सीएम के सामने अपनी मांगें रखने के लिए यहां पहुंचे थे। खुफिया विभाग को इसकी भनक लगी तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। कार्यक्रम स्थल पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के आने से पहले ही संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी और कुछ अभिभावकों को हिरासत में ले लिया और सेक्टर-27 थाने ले गए। सभी अभिभावकों को कार्यक्रम खत्म होने तक वहीं रखा और देर शाम मुख्यमंत्री के वापस जाने के बाद ही छोड़ा गया। गुस्साए अभिभावकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की।