गांव बली कुतुबपुर में ऑक्सीजन बाग के लिए जमीन तैयार करते पर्यावरण मित्र। संवाद
- फोटो : Sonipat
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को गांव बली कुतुबपुर में ऑक्सीजन बाग बेटियों के नाम समर्पित किया जाएगा। इसका शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त ललित सिवाच सुबह 9 बजे करेंगे। यह प्रदेश का ऐसा पहला ऑक्सीजन बाग होगा, जिसमें बहन-बेटियां ही पौधरोपण करेंगी।
ट्री-मैन देवेंद्र सूरा की विशेष पहल पर जिला प्रशासन के सहयोग से बेटियों के नाम हरियाणा का पहला ऑक्सीजन बाग तैयार किया जा रहा है। वीरांगना अमृत देवी के नाम पर ऑक्सीजन बाग का नामकरण किया जाएगा। इस बाग की विशेषता रहेगी कि इसमें हर एक पौधा बहन-बेटियां ही लगाएंगी। स्कूली छात्राएं विशेष रूप से बाग में पौधरोपण करेंगी। साथ ही महिला प्रशासनिक अधिकारी भी बाग में पौधरोपण करते हुए अपना योगदान देंगी। अन्य सरकारी महिला अधिकारी और कर्मचारी भी बाग में पौधरोपण करेंगी। इनके साथ मनरेगा से जुड़ी तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी पौधरोपण करेंगी। उपायुक्त ललित सिवाच के नेतृत्व में ऑक्सीजन बाग तैयार किया जाएगा। इस मौके पर गन्नौर के एसडीएम सुरेंद्र दून, सोनीपत की एसडीएम शशि वसुंधरा, नगराधीश डॉ. अनमोल प्रशिक्षु तहसीलदार सृष्टि और जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. रितु मौजूद रहेंगे। शुरुआती चरण में 1100 बहन-बेटियां 1100 पौधे लगाकर ऑक्सीजन बाग को गति देंगी। इनमें फलदार, छायादार व औषधीय पौधे शामिल रहेंगे।
ऑक्सीजन बाग के संयोजक ट्री-मैन देवेंद्र सूरा ने बताया कि ऑक्सीजन बाग की तैयारियां जोरों पर हैं। स्वयंसेवकों द्वारा विशेष सहयोग दिया जाएगा। विश्व महिला दिवस पर यह अनूठी शुरुआत की जा रही है, जिससे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को भी बल मिलेगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।