विजेता ट्रॉफी के साथ उस्मानिया विश्वविद्यालय की टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता में उस्मानिया विश्वविद्यालय हैदराबाद की टीम राजस्थान विवि को पराजित कर विजेता बनी, जबकि राजस्थान विवि राजस्थान की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में मंगलवार को पहले सेमीफाइनल फिर फाइनल मुकाबला खेला गया। सभी मुकाबलों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंत में विजेताओं को विवि के खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने पुरस्कृत किया।
हरियाणा के सोनीपत में दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता खेली गई। इसमें देश के चारों क्षेत्रों की सर्वश्रेष्ठ टीमों ने प्रतिभागिता करते हुए बेहतर खेल दिखाया।
मंगलवार को पहले सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें गुजरात, राजस्थान, हैदराबाद व पाटन की टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। चारों टीमों में से राजस्थान व हैदराबाद की टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीतते हुए फाइनल में जगह बनाई। इस अवसर पर प्रो. मनोज दूहन, प्रो. सुमन सांगवान व डॉ. सतपाल मौजूद रहे।
जीत के लिए संघर्ष करती खिलाड़ी।
यह रहा परिणाम
पहला सेमीफाइनल : उस्मानिया विवि हैदराबाद और गुजरात विवि गुजरात के बीच खेला गया। उस्मानिया विवि ने गुजरात विवि को एकतरफा 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल : राजस्थान विवि राजस्थान और एचएनजी विवि पाटन की टीमों के बीच खेला गया। राजस्थान विवि ने एचएनजी विवि को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
तीसरे और चौथे स्थान के लिए मुकाबला : गुजरात विवि गुजरात और एचएनजी विवि पाटन की टीमों के बीच खेला गया। इसमें गुजरात विवि ने एचएनजी विवि को 2-1 से हराकर तीसरे स्थान पर कब्जा किया। एचएनजी विवि पाटन की टीम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
फाइनल मुकाबला : उस्मानिया विवि हैदराबाद व राजस्थान विवि राजस्थान के बीच खेला गया। उस्मानिया विवि हैदराबाद ने राजस्थान विवि को एकतरफा 2-0 से हराकर प्रतियोगिता की विजेता बनी, जबकि राजस्थान विवि राजस्थान की टीम उपविजेता बनी।