गन्नौर। पानीपत-दिल्ली जीटी रोड पर शनिवार को एक सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई। हादसा बड़ी थाना क्षेत्र के काली माता मंदिर के पास हुआ। मृतक बच्ची के पिता ने मामले की शिकायत थाना बड़ी पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के जिला नवादा के गांव कुहिला फिलहाल गांव बड़ी में किराये पर रह रहे बब्बू मांझी ने दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। उनकी बेटियां मंत्री (8) और क्रांति बड़ी शनि मंदिर में घूमने गई थीं। लौटते समय वह जब जीटी रोड पार कर रही थी तो पानीपत की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उसकी बेटी मंत्री को टक्कर मार दी। जबकि क्रांति बाल-बाल बच गई। हादसे में मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची एनएचएआई एम्बुलेंस ने मंत्री को गन्नौर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।