राई। नेशनल हाईवे-44 से राई थाना पुलिस ने कार सवार युवक को तस्करी कर लाई गई शराब सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के रोकने के दौरान कार डिवाइडर से टकरा गई थी। ऐसे में आरोपी का साथी मौके से भाग गया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राई थाना में नियुक्त हवलदार प्रीतम ने पुलिस को बताया कि उन्हें सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे सूचना मिली थी कि कार में शराब की तस्करी की जा रही है। कार में शराब लेकर केजीपी के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा। जिस पर टीम ने बीसवां मील चौक के पास सर्विस रोड पर नाकाबंदी कर दी। इाी बीच एक कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया तो गाड़ी सर्विस रोड पर टकरा गई। ऐसे में कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निलका। पुलिस ने क्लीनर सीट से एक युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद के थाना गढ़मुक्तेश्वर के गांव बिहूनी निवासी निर्मल त्यागी के रूप में हुई। आरोपी ने कार चालक की पहचान यूपी के जिला बागपत के गांव सैदपुर खुर्द (नथ मलापुर अमीनगर सराय) निवासी अश्वनी ढाका के रूप में बताई है। पुलिस ने कार से 40 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने निर्मल त्यागी को रिमांड पर लिया है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में निर्मल त्यागी ने बताया है कि शराब को अश्वनी लेकर आता था। उसे से छह सौ-सात सौ रुपये दिए जाते थे। वह उसे शराब लेकर आने के स्थान से पहले ही उतार देता था। बाद में बैठाकर साथ ले चलता था। उसे बताया जाता था कि शराब को बागपत के खजूरी तक पहुंचाना है।
वर्जन
शराब को हरियाणा से तस्करी कर यूपी ले जाया जा रहा था। चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। ऐसे में शराब की तस्करी किसी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। पता लगते ही मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अभी चालक की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर उमेश कुमार, थाना प्रभारी, राई