नगर निगम ने कई सालों से गृहकर जमा नहीं कराने वालों पर शिकंजा करना शुरू कर दिया है। नगर निगम के अधिकारियों ने 10-10 करोड़ रुपये से ज्यादा गृहकर जमा नहीं कराने वाले 50 डिफॉल्टर्स को सीलिंग के नोटिस भेजे हैं। इनमें अकेले अनंत राज ग्रुप पर करीब 20 करोड़ रुपये गृहकर बकाया है। बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद गृहकर जमा नहीं कराया जा रहा। इससे पहले भी नगर निगम अनंत राज ग्रुप के भवन को सील कर चुका है। अब नगर निगम के अधिकारियों ने भवनों को सील करने करने की तैयारी कर दी है।
कई सालों से गृहकर जमा नहीं कराने वालों से निपटने के लिए 500 से ज्यादा डिफॉल्टर्स को चिह्नित किया है। इनमें से 50 बड़े डिफॉल्टर्स को पहले चरण में शामिल किया हैं। इन डिफॉल्टर्स को सीलिंग के नोटिस भेजे गए हैं। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने 30 सितंबर तक संपत्ति कर जमा कराने के लिए छूट दी गई है। 30 सितंबर तक 25 फीसदी छूट के साथ अपना गृहकर जमा करा सकेंगे। अगर कोई व्यक्ति बिल की ऑनलाइन अदायगी करता है तो उसे 10 फीसदी की अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी।
शहर में इस तरह लगता है गृहकर
रिहायशी क्षेत्र में 100 से 300 वर्ग गज तक 50 पैसे प्रति गज, 301 से 500 वर्ग गज तक दो रुपये प्रति गज, 501 से लेकर 1000 वर्ग गज तक तीन रुपये प्रति गज, 1001 से लेकर दो एकड़ तक 3.5 रुपये प्रति गज और दो एकड़ से ज्यादा पर पांच रुपये प्रति गज गृहकर वसूलने का प्रावधान है। कॉमर्शियल क्षेत्र में गृहकर अलग है। इसमें 50 वर्ग गज तक 12 रुपये, 100 वर्ग गज तक 18 रुपये, 150 वर्ग गज तक 24 रुपये, 151 से 500 वर्ग गज से ज्यादा 30 रुपये सालाना वसूली का प्रावधान है।
पुलिस बल के साथ डिफॉल्टर्स की संपत्ति सील करेगा निगम
अधिकारियों का कहना है कि गृहकर जमा नहीं कराने वाले डिफॉल्टर्स पर शिकंजा कसा जाएगा। जरूरत पड़ने पर बकायेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज होगा। उनका वाहन व प्रॉपर्टी नीलाम भी हो सकते हैं। निगम प्रशासन की ओर से आवश्यकता पड़ने पर मालिकों का बैंक खाता भी सीज किया जा सकता है। इस कार्रवाई के लिए प्रशासन की ओर से आधिकारिक अनुमति भी मिल गई है। इस बार पुलिस बल की सहायता से नगर निगम के अधिकारी डिफॉल्टर्स की संपत्ति सील कर सकेंगे।
वर्जन
गृहकर जमा नहीं कराने वाले 50 बड़े डिफॉल्टर्स को नोटिस भेज दिए गए हैं। नोटिस के साथ उनको गृहकर जमा कराने का समय दिया गया है। अगर गृहकर समय पर जमा नहीं कराया तो डिफॉल्टर्स के भवनों सील करना शुरू कर दिया जाएगा।
- राजेंद्र कुमार, क्षेत्रीय कर अधिकार नगर निगम सोनीपत।