सोनीपत। अंबाला में किसानों के रेलवे ट्रैक जाम करने से रेलवे यातायात प्रभावित हुआ है। बुधवार को लगातार 22वें दिन भी सोनीपत जंक्शन पर रुक कर चलने वाली अप व डाउन ट्रैक की नौ ट्रेनें रद्द रहीं जबकि 10 ट्रेनों का परिचालन दूसरे मार्ग से किया जा रहा है। जो ट्रेनें चल रही हैं, वह भी अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं।
सोनीपत जंक्शन से प्रतिदिन करीब 40 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय दौड़ने वाली सवारी गाड़ियों में यात्रियों की संख्या कई गुना अधिक बढ़ गई है। भीड़ इतनी अधिक रहती है कि ट्रेनों में खड़े होने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। अंबाला में रेल ट्रैक जाम होने के कारण कई ट्रेनें रद्द की गई हैं। इन ट्रेनोें में अप लाइन पर गाड़ी संख्या 14507 फाजिल्का एक्सप्रेस, 12459 नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 12497 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, 14033 जम्मू मेल के अलावा डाउन लाइन पर 14034 जम्मू मेल, 14508 बठिंडा फाजिल्का एक्सप्रेस, 12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, 22430 दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस व 12498 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहीं। वहीं जबकि गाड़ी संख्या 14053/54 हिमाचल एक्सप्रेस, 11077/78 झेलम एक्सप्रेस, 15707/08 आम्रपाली एक्सप्रेस, 11057/58 दादर एक्सप्रेस, 12919/20 मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का परिचालन दूसरे मार्ग से किया गया।
वर्जन
अंबाला में रेलवे ट्रैक जाम होने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बाधित है। कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके, इसके लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।-दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।