संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। डेंगू संक्रमित लोगों की बढ़ती संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सोमवार को डेंगू के नौ मरीज मिले। इनमें सोनीपत शहरी क्षेत्र में छह और गढ़ शहजानपुर, कुंडली व अकबरपुर बारोटा में एक-एक व्यक्ति शामिल है। नागरिक अस्पताल में डेंगू संक्रमित एक बच्ची उपचाराधीन है। अब जिले में डेंगू संक्रमित की संख्या बढ़कर 246 हो चुकी है।
डेंगू की रोकथाम को लेकर सभी सीएचसी व पीएचसी के चिकित्सा अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। इसमें जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आशा सहरावत में ने चिकित्सा अधिकारियों को डेंगू नियंत्रण के लिए बेहतर कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व स्वास्थ्य निरीक्षक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे की मॉनिटरिंग अवश्य करें। साथ ही बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे। लोगों को अपनी डेंगू की जांच कराने के लिए उन्हें जिला नागरिक अस्पताल व खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित डेंगू लैब पर भेजें। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों में बुखार के साथ साथ शरीर में दर्द, थकान व सर्दी लगने जैसे लक्षण हैं उनके रक्त की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। डेंगू का खतरा लगातार बरकरार है। हर घर में एंटी लार्वा एक्टिविटी जारी रखा जाए। इस दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. तरुण यादव, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा, डॉ. परमानंद, एसएमओ डॉ. अनविता कौशिक, डॉ. संजय छिक्कारा, डॉ. राजेश सिंघल भी मौजूद रहे।