गोहाना/गन्नौर। गोहाना नगर परिषद और गन्नौर नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को हुए समारोह के दौरान नवनिर्वाचित चेयरपर्सन, चेयरमैन व पार्षदों को शपथ दिलाई गई। दोनों कार्यक्रमों में सांसद व विधायक की मौजूदगी में एसडीएम ने शपथ दिलाई। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि संसदीय क्षेत्र में निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। संसदीय क्षेत्र में जितनी भी नगर परिषद व नगर पालिकाएं हैं उनमें फंड की कमी नहीं रहने दी जाएगी। शहरों के विकास की नई रूपरेखा तैयार करेंगे। उन्होंने चेयरमैन और पार्षदों को ईमानदारी से शहर का विकास करने की अपील की।
गोहाना में हुए समारोह के दौरान एसडीएम आशीष वशिष्ठ ने नवनिर्वाचित चेयरपर्सन रजनी विरमानी के साथ 23 पार्षदों को पद की शपथ दिलाई। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि रजनी विरमानी लगातार दूसरी बार नप की चेयरपर्सन बनी हैं। वह ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन कर रही हैं। वह दिन-रात अपने क्षेत्र व क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत रहती हैं। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि गोहाना की जनता ने विकास को चुना है, जिसका सुबूत रजनी विरमानी हैं। नगर परिषद गोहाना को एक बेहतरीन टीम मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। रजनी विरमानी ने पहले भी शहर के विकास को मजबूती दी है। अब उन्हें फिर से लोगों की सेवा का मौका मिला है। इस दौरान भूपेंद्र मलिक, भानू शर्मा, बलराम कौशिक, इंद्रजीत विरमानी, गुलशन विरमानी आदि मौजूद रहे।
वहीं नगर पालिका गन्नौर के चेयरमैन और 17 पार्षदों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण के बाद अपना पदभार विधिवत रूप से संभाल लिया। एसडीएम सुरेंद्र दून ने चेयरमैन अरुण त्यागी व सभी 17 नपा पार्षदों को शपथ दिलाई। विधायक निर्मल चौधरी ने नगर पालिका चेयरमैन अरुण त्यागी को प्रदेश में सबसे अधिक वोटों से विजयी बनाने पर शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का चेयरमैन बनने से अब शहर के विकास में कोई अड़चन नहीं होगी। सांसद के मार्गदर्शन में शहर का विकास करवाया जाएगा। चेयरमैन अरुण त्यागी ने कहा कि वे पार्षदों के साथ मिलकर शहर के विकास का प्रयास करेंगे। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक, राई से विधायक मोहनलाल बड़ौली, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकिता वर्मा, आजाद नेहरा, निशांत छौक्कर, मंडलाध्यक्ष विकास त्यागी, जजपा ब्लॉक अध्यक्ष अनिल त्यागी, भूषण हसीजा, शेखरचंद जैन, सतीश जैन, राजेंद्र त्यागी, ईश्वर कश्यप आदि मौजूद रहे।