खरखौदा। खंड के गांव सेहरी, बिधलान, नकलाई, खांडा, चौलका व निरथान के किसान सोमवार को बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उपमंडल अधिकारी से मुलाकात कर खेतों की बिजली आपूर्ति में लगाए जा रहे अघोषित कटों का समाधान करवाने की मांग की। किसानों का आरोप है कि खेतों में 8 घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन उसमें 20 से 25 बार अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। जिसके कारण उनकी फसलों में सिंचाई ठीक से नहीं हो पा रही है। किसानों ने मांग की है कि उन्हें पूरी बिजली आपूर्ति की जाए। अगर कहीं पर कट लगता भी है तो उसकी भरपाई के लिए अलग से बिजली आपूर्ति की जाए।
क्षेत्र के किसान बलवान नंबरदार, कृष्ण, शमशेर, अंकित, राकेश, संजीत, जगदीश, सुरेंद्र, दीपक, कर्मबीर, बंसी व सुंदर ने बताया कि उनके खेतों में खांडा फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है। बीते 15 दिनों से लगातार बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। जिसके कारण उनकी फसल सूख रही है। किसानों का कहना है कि बारिश न होने से उनकी परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है। बिजली निगम की ओर से उन्हें 8 घंटे ही बिजली दी जाती है। उसमें भी 20 से 25 बार अघोषित कट लगा दिए जाते हैं। जिसके चलते उन्हें करीब दो से ढाई घंटे ही बिजली उपलब्ध हो रही है। जिससे उनकी फसलों में नुकसान हो रहा है। जिसका जल्द समाधान किया जाए।
वर्जन
इन गांवों के खेतों में किस वजह से बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहे हैं, इसकी जांच करवाई जाएगी। किसानों को पूरी बिजली उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। -नीरज, उपमंडल अधिकारी, खरखौदा