शहर के आर्य नगर के रहने वाले शिक्षक को झांसे में लेकर साइबर ठग ने उनके खाते से सवा लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। ठग ने बीएसएनएल कर्मी बनकर शिक्षक से बातचीत की और सिम बंद होने का डर दिखाकर उससे केवाईसी कराने के नाम पर ठगी की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देव नगर के रहने वाले ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि वह शिक्षक हैं। उनके पास बीएसएनएल का सिम है और बैंक व ज्यादातर दस्तावेज पर यही नंबर है। 21 अगस्त की रात को करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद की पहचान बीएसएनएल कर्मी राकेश शर्मा के रूप में दी थी। उसने कहा था कि आपका बीएसएनएल का नंबर 24 घंटे में बंद हो जाएगा। आपने इस नंबर की केवाईसी नहीं कराई है। इसको सक्रिय रखने के लिए आपको केवाईसी अपडेट करनी होगी। ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि इससे वह घबरा गए और उसके कहने पर केवाईसी अपडेट कराने को तैयार हो गए। उसके बाद उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। उन्होंने कॉल करने वाले के कहने के अनुसार भेजे गए लिंक पर क्लिक किया तो उनके मोबाइल पर एक लाख रुपये निकलने का मैसेज आया। कुछ ही देर में 25 हजार रुपये और निकल गए। साइबर ठग ने उनके खाते से सवा लाख रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने शिक्षक ओमप्रकाश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने इसकी सूचना बैंक अधिकारियों को भी दे दी है।