ड्यूटी एवं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने व अनुशासनहीन अधिकारियों-कर्मचारियों को डीसी ललित सिवाच ने सुधरने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्वामित्व योजना के कार्य में लापरवाही बरतने व आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया। गैर हाजिर पटवारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के आदेश दिए हैं।
समय पर पूर्ण नहीं हो सके योजना से संबंधित कार्य
डीसी ने गोहाना खंड के ग्राम सचिव सुनील कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि गांव में लाल डोरे की पैमाइश से लेकर लाभार्थियों की पहचान करके ग्रामवासियों की लाल डोरे की जमीन की रजिस्ट्री करवानी होती है। सुनील कुमार द्वारा योजना में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण संबंधित ग्राम पंचायतों में योजना से संबंधित कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो सके। बीडीपीओ गोहाना की तरफ से भेजी गई रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने ग्राम सचिव सुनील कुमार को निलंबित कर दिया है। उन्होंने पंचायत विभाग एवं राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त आदेश जारी किए हैं कि योजना से संबंधित किसी भी कार्य में लापरवाही नहीं बरती जाए व योजना के प्रत्येक चरण को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
डीसी ने खंड राई के पटवारी अरुण दूहन को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के आदेश दिए हैं। नोटिस में कहा कि गया कि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) राई की रिपोर्ट के अनुसार पटवारी अरुण दूहन कार्यालय में गैर हाजिर रहते हैं, इसके लिए स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। पटवारी ने स्पष्टीकरण का जवाब नहीं दिया। पटवारी पर आरोप है कि उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी से कोई अवकाश स्वीकृत नहीं करवाया और न ही सूचित किया। पटवारी पर सरकारी कार्यों में रुचि न लेने, उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के भी आरोप हैं।