बिजली निगम की ओर से भेजा गया 86 लाख रुपये का बिल दिखाता रोहताश
- फोटो : Sonipat
बिजली निगम की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बिजली निगम की तरफ से शहजादपुर गांव निवासी रोहताश के घर 86 लाख रुपये से ज्यादा का बिल भेज दिया गया है। इसके अलावा पशुबाड़े का बिल 23245 रुपये का भेजा गया है। उन बिलों को ठीक करने के लिए नगर निगम में चालक रोहताश कई दिन से बिजली निगम कार्यालय के चक्कर काट रहा है। उसके बाद भी बिजली निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
गांव शहजादपुर निवासी रोहताश ने बताया कि उसने अपनी पत्नी रजनीश के नाम घर का बिजली कनेक्शन ले रखा है। बिल आने पर समय पर उसका भुगतान कर दिया जाता है। इस बार घर का बिजली का बिल 86 लाख 27 हजार 435 रुपये का आया है। इसके अलावा पशुबाड़े का बिल भी इस बार 23 हजार 245 रुपये का आया हैं। जबकि पशुबाड़े का पिछला बिल 436 रुपये अदा किया था। बिजली बिल ठीक करवाने के लिए कई दिनों से वह बिजली निगम कार्यालय के चक्कर काट रहा है। रोहताश ने बताया कि मकान व पशुबाड़े में बिजली का इतना खर्च नहीं है। उसके बावजूद उसका लाखों रुपये का बिल उसके पास भेज दिया।
रोहताश ने बताया कि बिजली निगम की तरफ से जारी किए बिल को हर बार उसने समय पर भरा है। अक्तूबर 2020 से लेकर अगस्त तक आए बिल की राशि को अदा किया था, जो बिल पर विभाग की तरफ से अंकित किया हुआ है। बिल पर राशि अदा करने व उसकी तारीख तक अंकित की हुई है। इस बार आए लाखों रुपये के बिल व रीडिंग ज्यादा दर्शायी गई है। शिकायत करने के बावजूद बिजली निगम की ओर से बिलों को ठीक नहीं किया जा रहा है। ऐसे में उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मीटर खराब होने के कारण ज्यादा रीडिंग निकाल गई हैं। म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत बिजली मीटर घरों से बाहर लगाए गए हैं। गांव में किसी की कोई शिकायत हैं, तो उसे जल्द दूर किया जाएगा। बिजली निगम की ओर से बिल को ठीक कर दिया जाएगा। -अश्वनी कौशिक, एसडीओ शहरी बिजली निगम।