सोनीपत। लिंगानुपात सुधार को लेकर गांव माजरी से जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार के निर्देश पर उन गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां पर लड़कियों की संख्या कम है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी (पीओ) प्रवीण कुमारी ने कहा कि लिंगानुपात सुधार के लिए सामाजिक रुढि़यों व पुरानी मानसिकता को बदलना आवश्यक है। बेटा-बेटी एक समान की सोच को आत्मसात कर गांव के माथे से लिंगानुपात का कलंक हटाना होगा। इसके लिए ग्रामीणों का सहभागी बनना जरूरी है। यदि कहीं लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। माजरी में इस माह जन्मी 20 नवजात बच्चियों का सामूहिक जन्मोत्सव मनाया गया। उनके नाम पर पौधरोपण कर माताओं का पारंपरिक कुआं पूजन करवाया गया। स्कूल जाने वाली 10 बेटियों को पुरस्कृत किया गया। वीडियो वैन के माध्यम से लिंगानुपात सुधार, बेटियों की शिक्षा व सुरक्षा पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।