Navratri 2023: लोगों के पास कटरा तक पहुंचने के लिए अभी एक ट्रेन वंदेभारत में टिकट मिलने का विकल्प खुला है। इस ट्रेन में सीटें खाली हैं, लेकिन यात्रियों को अन्य ट्रेनों की अपेक्षा इसमें टिकट के लिए काफी अधिक पैसा खर्च करना पड़ेगा।
शारदीय नवरात्र शुरू होने में अभी डेढ़ माह बाकी है, मगर माता वैष्णो देवी (कटरा) जाने वाली ट्रेनों में अभी से एडवांस बुकिंग हो चुकी है। हालात यह हैं कि ट्रेनों में अभी से सीटें फुल हो गई हैं। ऐसे में नवरात्र में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने के श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ट्रेनों में स्लीपर से लेकर प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कोच तक में वेटिंग लंबी पहुंच गई है।
विज्ञापन
तत्काल कोटे से ही कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद
सोनीपत, पानीपत, दिल्ली समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। दिल्ली से जम्मू तक जाने वाली ट्रेनों में भी सीट खाली नहीं है। यात्रियों को एक दिन पहले तत्काल कोटे से ही कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद है।
वंदेभारत में सीटें खाली
लोगों के पास कटरा तक पहुंचने के लिए अभी एक ट्रेन वंदेभारत में टिकट मिलने का विकल्प खुला है। इस ट्रेन में सीटें खाली हैं, लेकिन यात्रियों को अन्य ट्रेनों की अपेक्षा इसमें टिकट के लिए काफी अधिक पैसा खर्च करना पड़ेगा। यदि कोई यात्री सोनीपत से स्लीपर कोच में कटरा तक सफर करता है तो उसे 375 रुपये खर्च करने पड़ेंगे, मगर वंदेभारत ट्रेन में इसके लिए उसे 1675 रुपये वहन करने होंगे। वहीं सोनीपत के श्रद्धालुओं को नई दिल्ली से ट्रेन पकड़नी होगी।
अधिकारी के अनुसार
माता वैष्णो देवी (कटरा) जाने वाली ट्रेनों में सीटें अभी से ही फुल हो चुकी हैं। कटरा जाने के लिए वंदेभारत ट्रेन ही विकल्प बचा हुआ है। -रविंद्र मदान, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, रेलवे।