सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए सोनीपत के साई सेंटर में राष्ट्रीय शिविर शुरू हो गया। भारतीय खेल प्राधिकरण ने शिविर का शेड्यूल जारी कर पहलवानों को कैंप की सूचना दी। कोच और अन्य कर्मचारी तो सोमवार को ही कैंप में पहुंच गए थे, लेकिन पहलवान मंगलवार को पहुंचने शुरू हुए।
नार्वे के ओस्लो शहर में 2 से 10 अक्तूबर तक सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 31 अगस्त को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ट्रायल का आयोजन कर पहलवानों का चयन किया गया था। इसके बाद पहलवान कैंप का इंतजार कर रहे थे। अब साई ने सोनीपत में पुरुष पहलवानों (फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन) के लिए कैंप शुरू किया है। दस दिन चलने वाले इस कैंप में फ्री स्टाइल के 21 और ग्रीको रोमन के 17 पहलवान भाग ले रहे हैं। शिविर 30 सितंबर तक चलेगा। कैंप के लिए कोरोना निगेटिव की रिपोर्ट साथ लाना जरूरी किया गया है। मंगलवार को ग्रीको रोमन के कई खिलाड़ी रिपोर्ट के कारण नहीं पहुंच पाए। मंगलवार को कैंप में मौजूद पहलवानों ने अभ्यास किया। ग्रीको रोमन के पहलवानों को मुख्य कोच हरगोबिंद सिंह और फ्री स्टाइल के पहलवानों को मुख्य कोच जगमिंद्र सिंह अभ्यास कराएंगे।
दिल्ली में लगेगा महिला पहलवानों का शिविर
साई ने अबकी बार महिला पहलवानों का शिविर लखनऊ की बजाय दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू किया है। ट्रायल में चुनी गईं 20 महिला पहलवानों ने मुख्य प्रशिक्षक कुलदीप सिंह मलिक की अगुवाई में अभ्यास शुरू कर दिया है।