इस बार भारतीय कुश्ती संघ ने खेल रत्न के लिए किसी पहलवान की दावेदारी पेश नहीं की है। संघ ने सिर्फ अर्जुन अवॉर्ड के लिए ही चार नाम भेजे हैं। चारों खिलाड़ी हरियाणा के ही रहने वाले हैं। इनमें से कई खिलाड़ियों को सम्मान मिलना तय है, क्योंकि उनका प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है और अंकों के आधार पर भी वे काफी आगे हैं। पिछले कई साल से खेल रत्न पहलवानों की झोली में पहुंच रहा था, वहीं इस बार खेल रत्न से पहलवानों की झोली खाली रहेगी।
अर्जुन अवॉर्ड के दावेदार
कुश्ती में ओलंपिक का टिकट कटा चुकीं जींद की अंशु मलिक, सोनीपत के रवि दहिया, झज्जर के दीपक पूनिया, सोनीपत की पहलवान सरिता समेत ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी कुरुक्षेत्र की नवजोत और पानीपत के शूटर अभिषेक वर्मा।
पिछले कई साल से पहलवानों को खेल रत्न मिल रहा था, लेकिन इस बार कुश्ती में खेल रत्न के लिए किसी का नाम नहीं भेजा गया है। अर्जुन अवॉर्ड के लिए चार नाम भेजे गए है, जिनमें से तीन पहलवान ऐसे है जो ओलंपिक में जगह बना चुके है और उनका प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है। - विनोद तोमर, संयुक्त सचिव, भारतीय कुश्ती संघ
शूटर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे है और देश के लिए काफी मेडल जीत रहे हैं। जिसको देखते हुए उम्मीद है कि खेल रत्न व अर्जुन अवॉर्ड हमारे शूटरों को मिलेंगे।
- अशोक मित्तल, महासचिव, हरियाणा राइफल शूटिंग एसोसिएशन