आगरा में पुलिस का अजब-गजब कारनामा सामने आया है। पुलिस ने सीट बेल्ट से लेकर अन्य कागजात नहीं होने पर ऑटो का चालान काटा दिया। हैरत की बात यह है कि जिस ऑटो का चालान कटा है, वो हरियाणा के सोनीपत में चल रहा है। चालान में ऑटो की जगह बस का फोटो लगा है।
ऑटो चालक के मोबाइल पर चालान का मैसेज पहुंचा तो उसे इसका पता लगा। युवक का कहना है कि वह अपना ऑटो लेकर कभी कुंडली बॉर्डर से आगे नहीं गया। उसको अंदेशा है कि उसके ऑटो के नंबर से कोई बस तो नहीं चला रहा है। युवक ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
सोनीपत से कुंडली बोर्डर तक चलाता है ऑटो
सोनीपत के देव नगर की गली नंबर-चार के रहने वाले हेमंत ने बताया कि वह सोनीपत से कुंडली तक अपना ऑटो चलाता है। उसके पास 21 जून को आरटीओ आगरा का मैसेज आया। जिसमें उसके ऑटो का नंबर लिखा था और उसका 16500 रुपये का चालान काटा गया है।
ऑटो चालक
- फोटो : अमर उजाला सोनीपत
ऑटो की जगह ई-चालान में बस का फोटो लगा था। चालान देखकर उसके होश उड़ गए। उसने बताया कि 20 जून को वैक्सीन लगवाने के चलते उसे बुखार था और 21 जून को उसका ऑटो घर में ही खड़ा था। उसने बताया कि वह ऑटो को लेकर कभी कुंडली बॉर्डर से आगे नहीं गया, ऐसे में यूपी के आगरा में ऑटो का चालान कटने का कोई औचित्य नहीं बनता।
हेमंत ने बताया कि चालान में सीट बेल्ट, आरसी, लाइसेंस व साइड मिरर नहीं होने का चालान कटा है। उसमें वोल्वो बस का फोटो लगा है। उसने प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
हेमंत को बस पर ऑटो को नंबर लगाकर चलाने का अंदेशा
हेमंत ने बताया कि उसे शक है कि कोई बस पर उसके ऑटो का नंबर लगाकर चला रहा है। ऐसे में उस नंबर की गाड़ी से कोई हादसा होने पर उसके फंसने का शक है। उसका कहना है कि वह ऑटो चलाकर परिवार का गुजर कर रहा है। प्रशासन को उसकी मदद करनी चाहिए।