मुरथल स्थित ढाबे पर खाना खाने जा रहे कार सवार दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीसरा दोस्त घायल हो गया। हादसा जीटी रोड पर सेक्टर-7 मोड़ स्थित वर्धमान चौक के निकट हुआ। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। मामले की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उसे दिल्ली के निजी अस्पताल में ले गए। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली के मोतीबाग निवासी मोहित (25), करोलबाग के रेगरपुरा का रहने वाला गिरधारी लाल उर्फ लक्की (33) व मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी जिला के गांव भूवी फिलहाल दिल्ली का रहने वाला उमेश (24) स्विफ्ट कार में सवार होकर मुरथल ढाबे पर खाना खाने आ रहे थे। बुधवार रात करीब 12:30 बजे जब वे हाईवे स्थित सेक्टर-7-8 के मोड़ के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची बहालगढ़ चौकी पुलिस ने तीनों को कार से बाहर निकाला। हालांकि तब तक गिरधारी व उमेश की मौत हो चुकी थी, जबकि मोहित गंभीर रूप से घायल था। पुलिस ने घायल मोहित को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
आधार कार्ड से हो सकी पहचान
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शवों की पहचान नहीं हो पा रही थी। युवक के पास से मिले आधार कार्ड के जरिए तीनों की पहचान हुई। परिजनों से संपर्क कर घटना के बारे में अवगत कराया गया।
कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
-सुरेश कुमार, चौकी प्रभारी बहालगढ़।