हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी एसटीएफ टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
खरखौदा/सोनीपत। गांव सिलाना के ईंट भट्ठे पर करीब 20 वर्ष पहले अपने साथी व उसकी प्रेमिका के साथ मिलकर उसके पति की गला दबाकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी को एसटीएफ सोनीपत ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज के गांव काकलपुर का रहने वाला प्रदीप उर्फ पवन है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके साथी राजेश उर्फ नान्हा को तीन सप्ताह पहले काबू किया था।
एसटीएफ सोनीपत प्रभारी सतीश देशवाल ने बताया कि वर्ष 2000 में खरखौदा के सिलाना गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे पर यूपी के जिला बुलंदशहर के रहने वाले सोमबीर की हत्या कर दी गई थी। राजेश उर्फ नान्हा ने मृतक की पत्नी राजेश कुमारी व साथी प्रदीप उर्फ पवन के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को जमीन में दफना दिया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपी राजेश उर्फ नान्हा व सोमबीर की पत्नी राजेश कुमारी के बीच प्रेम प्रसंग हो गया था। सोमबीर व आरोपी राजेश एक ही ईंट भट्ठे पर रहते थे। जिसके बाद षड्यंत्र के तहत सोमबीर की हत्या की गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने राजेश कुमारी को गिरफ्तार कर लिया था। 27 दिसंबर, 2019 को राजेश को पकड़ा था। अब उसके साथी प्रदीप को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत ने दिसंबर, 2000 को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया था। बाद में आरोपी की गिरफ्तारी पर वर्ष 2012 को 5000 रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद वह गुजरात व यूपी में छिपकर रहा। अब उसे उसके गांव से काबू किया गया है। उसके खिलाफ कोर्ट के आदेशों की अवहेलना का एक अन्य मामला दर्ज किया गया है।