राई। कुंडली-पलवल-मानेसर (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर गांव जठेड़ी के पास डेयरी संचालक की दो नहीं चार गोलियां मारकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चार गोली सिर में मारी गई थी। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। इसके लिए पांच टीमों का गठन किया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है। दावा है कि जल्द ही हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
दिल्ली के आजादपुर स्थित गोपाल नगर निवासी नरेश कुमार ने राई थाना पुलिस को बताया था कि उनके भाई सुरेश (42) पहले दिल्ली के स्वरूप नगर स्थित घर में रहते थे। वह आजादपुर मंडी में दूध डेयरी चलाते थे। पत्नी से मनमुटाव के बाद वह अब दूध डेयरी में अकेले रहने लगे थे। शुक्रवार तड़के चार बजे उन्हें सूचना मिली कि सुरेश की केएमपी पर गोली मारकर हत्या की गई है। इस पर वह राई थाना पहुंचे थे। उनके भाई वीरवार रात करीब नौ बजे अपने परिचित दूध का काम करने वाले जयपाल की आल्टो कार लेकर सोनीपत के लिए चले थे। रात को किसी अज्ञात हमलावर ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। शुरुआत में कहा गया था कि सुरेश की दो गोली मारकर हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो उसमें खुलासा हुआ कि सुरेश को दो नहीं बल्कि चार गोली मारी गई थी। सभी गोलियां उनके सिर में मारी गई थी।
हत्यारोपियों का सुराग लगाने को कई पहलू पर जांच
पुलिस टीम हत्या के मामले से पर्दा उठाने के लिए कई पहलू पर जांच कर रही है। पुलिस हत्यारोपियों का सुराग लगाने को लेकर उनकी पत्नी से भी जानकारी जुटाएगी। वहीं उनके दोस्तों व परिवार के अन्य सदस्यों से भी तथ्य जुटाएगी। पुलिस इस मामले में सुरेश के साथ व्यापार करने वालों से भी संपर्क कर रही है, जिससे हत्यारोपियों की पहचान में मदद मिल सके।
पांच टीम की गई गठित
पुलिस ने मामले में पांच टीमों का गठन किया है। जिसमें राई थाना की दो टीमों के साथ ही सीआईए की तीन टीम भी शामिल है। पुलिस ब्लाइंड मर्डर से पर्दा उठाने को लगातार प्रयास कर रही है।
वर्जन
हत्या के मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं। परिवार के सदस्यों से लेकर व्यापारिक रिश्ता रखने वालों से भी संपर्क किया गया है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। सुरेश के पोस्टमार्टम में पता लगा कि उनके सिर में चार गोली मारी गई है।
- इंस्पेक्टर उमेश कुमार, थाना प्रभारी, राई