सोनीपत। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा नगर निगम का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी। 27 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए मेयर व पार्षद उम्मीदवारों के नाम के आवेदन आए हैं, उन पर विचार किया जा रहा है। हाईकमान की ओर से 9 दिसंबर से पहले मेयर व पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर रविवार को विधायक मोहनलाल बड़ौली के आवास पर पत्रकारवार्ता कर रहे थे।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर 19 लोगों की कमेटी बनाई गई है। निगम चुनाव के चलते संगठन को मजबूत किया गया है। 27 दिसंबर को निगम चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा ने जीत को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाते हुए निगम चुनाव संचालन कमेटी बनाई है। कमेटी में 19 सदस्यों को शामिल किया गया है। जिसकी जिम्मेदारी पार्टी को निगम चुनाव में जीत दिलाना है। नगर निगम चुनाव संचालन कमेटी में पार्टी जिलाध्यक्ष एवं विधायक मोहनलाल बड़ौली, सांसद रमेश कौशिक, विधायक निर्मल चौधरी, पूर्व मंत्री कविता जैन, सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, ललित बतरा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, डॉ. धर्मबीर नांदल, मंडलाध्यक्ष ब्रह्मपाल सैनी, सुरेंद्र मदान, मनोज गोयल, जिला परिषद की चेयरपर्सन मीना नरवाल, आजाद नेहरा, सुमित्रा चौहान, परमवीर सैनी, सुनीता लोहचब, बिजेंद्र मलिक, प्रदीप सांगवान, मनोज जैन को शामिल किया गया है। कमेटी के सभी सदस्य निगम चुनाव में जीत के लिए निगम क्षेत्र में जाकर प्रचार-प्रसार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि कमेटी के सदस्यों के अलावा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मेहनत के चलते निगम चुनाव में भाजपा की जीत होगी। इस दौरान उनके साथ विधायक मोहनलाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, ललित बतरा, राजीव जैन, सुरेंद्र मदान, डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, नीरज आत्रेय, बिजेंद्र मलिक, तीर्थ राणा आदि मौजूद रहे।