सोनीपत के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में बैठक के बाद मेयर राजीव जैन व निगमायुक्त हर्षित कुमार को म
सोनीपत। मेयर राजीव जैन ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग करें। यह अभियान जन भागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकता। बैठक में स्वच्छता के साथ अतिक्रमण, बेसहारा गोवंश, अज्ञात शव का दाह संस्कार, चौक की सुंदरता, सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
आयुक्त हर्षित कुमार ने व्यापारियों से सुझाव मांगे। व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने व्यापार भवन बनाने, लावारिस शव के दाह संस्कार का अधिकार करनाल के बजाय सोनीपत की संस्था को देने, रैन बसेरों की व्यवस्था ठीक करने, कूड़े की गाड़ी रात को भेजने, बाजारों में स्ट्रीट लाइट न जलने, सीसीटीवी ठीक करवाकर अन्य बाजारों में भी लगवाने का सुझाव दिया।
मेयर ने कहा कि व्यापार को सुगम बनाने और आम नागरिकों की सुविधा के लिए उनके सुझाव पर अमल किया जाएगा। बंदरों की समस्या पर कहा कि जल्द टेंडर लगवाकर उन्हें पकड़वाने की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान जिला व्यापार मंडल के चेयरमैन संजय वर्मा, महासचिव नरेंद्र धवन, संरक्षक नवीन मंगला, कोषाध्यक्ष रविंद्र सरोहा, शहरी कार्यकारी अध्यक्ष पवन तनेजा, कमल हसीजा, दिनेश कुच्छल, अजय गर्ग, राजकुमार शर्मा व अन्य मौजूद रहे।