सोनीपत जिला परिषद कार्यालय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नाम लिखा पत्र दिखाते जिला पार्षद संजय
सोनीपत। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र होने के बावजूद कई जरूरतमंद परिवारों को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है। सोनीपत की पात्र मनजीत पत्नी सुरेश ने बताया कि उनका मकान बिना किस्त जारी किए पोर्टल पर बना हुआ दर्शाया जा रहा है, जबकि वह योजना के लाभ से अब तक वंचित हैं। उन्होंने मामले को लेकर जिला पार्षद संजय बड़वासनी के साथ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नाम कार्यालय में शिकायत दी।
सुरेश ने बताया कि उनका मकान खस्ताहाल है, मगर पोर्टल पर उसे बना हुआ दिखाया गया है। उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला है। पंचायत स्तर पर भेदभाव हो रहा है। कई पंचायत सचिव अपने चहेतों को लाभ दिलवा रहे हैं। सर्वे की तारीख 30 अप्रैल तक बढ़ाई गई है, उसमें सभी पात्र व जरूरतमंद उन परिवारों को जोड़ा जाए जिनके मकान खस्ताहाल हो चुके हैं। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्यवाही की जाए। जिला पार्षद ने कहा कि उनके वार्ड में भी ऐसे कई परिवार हैं, जिनके पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन परिवारों के नाम भी जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में शामिल कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए।