सोनीपत के सुभाष स्टेडियम में अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार व निगमायुक
सोनीपत। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने शुक्रवार को सुभाष स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर स्टेडियम के पुनर्निर्माण पर चर्चा की। उन्होंने स्टेडियम में ट्रैक के साथ कार्यालय, पार्किंग और मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए ट्रैक की बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में पानी भरने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। सुभाष स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल के निर्माण की आवश्यकता को पूर्ण करने के निर्देश दिए जिसमें बैडमिंटन कोर्ट के साथ कबड्डी, कुश्ती और बास्केटबॉल जैसे इंडोर खेलों की सुविधा होगी। उन्होंने उपलब्ध रिक्त जमीन पर शेड लगाकर बॉक्सिंग रिंग बनाने पर भी विचार किया। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने स्टेडियम के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेडियम की जर्जर हो चुके कमरों को तोड़कर उस क्षेत्र में पार्किंग बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फेसिलिटेशन सेंटर का निर्माण जल्द पूरा करवाया जाए ताकि उसमें कार्यालय स्थानांतरित किया जा सके। उन्होंने कार्यालय के पुराने भवन का निरीक्षण करते हुए स्थिति और रखरखाव पर निराशा जताई। आरओ वाटर सुविधा को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
खेलों में सोनीपत में बनाई अलग पहचान
उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने कहा कि खेलों के मामले में सोनीपत ने अपनी अलग पहचान बनाई है। इस पहचान को कायम रखते हुए और आगे बढऩे की जरूरत है। इसके लिए खेल-खिलाड़ियों को प्रोत्साहन की आवश्यकता है। जिसके लिए उन्हें अच्छी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने आशा जताई कि सोनीपत के खिलाड़ी हर स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उनके साथ नगर निगम के आयुक्त विश्राम कुमार मीणा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता पंकज गौड़, जिला खेल अधिकारी शर्मिला राठी, वरिष्ठ प्रशिक्षक देवेंद्र सिंह दहिया मौजूद रहे।