फोटो : सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में पिकअप चालक से लूटपाट के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम
सोनीपत। गांव जाखौली टोल प्लाजा के पास पिकअप वाहन चालक से मारपीट कर लूटपाट की गई। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी इजाज खान और इनुस खान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के इस्लामनगर के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। उनके अन्य साथियों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को मेरठ के नानू निवासी यासीन ने शिकायत दर्ज कराई थी। यासीन अपने साथियों के साथ पिकअप गाड़ी में गाजीपुर जा रहे थे। देर रात जाखौली टोल प्लाजा के पास एक कार सवार लोगों ने उनका रास्ता रोका। आरोपियों ने हिसाब-किताब के बहाने विवाद कर चालक व उसके साथियों से मारपीट की। उन्होंने पिकअप वाहन की चाबी, करीब 30 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल लूटकर वाहन सहित भाग गए।
सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस ने जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली। जांच के दौरान कुंडली थाना प्रभारी रवि की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर घटना में दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।