सोनीपत। जिला कारागार की बैरक नंबर तीन में बंद छह बंदियों से कारागार प्रशासन ने मोबाइल फोन बरामद किया है। चेकिंग अभियान के दौरान फर्श के अंदर कोने में मिट्टी निकालकर छिपाए गए मोबाइल को बरामद किय गया। जिन बंदियों से मोबाइल बरामद हुआ वह भैंसवाल के तिहरे हत्याकांड समेत अन्य मामलों में नामजद हैं। आरोपियों के खिलाफ कोर्ट काम्पलेक्स चौकी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जेल उप अधीक्षक रामचंद्र ने कोर्ट काम्पलेक्स चौकी पुलिस को बताया कि बैरक नंबर-3 में मोबाइल फोन होने की सूचना मिली थी। जिस पर बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन मोबाइल नहीं मिला। उसके बाद वीरवार शाम को फिर से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिस दौरान टीम ने फर्श के अंदर कोने में मिट्टी निकालकर छिपाया गया खचेड़ा कंपनी का मोबाइल व एक सिम बरामद बरामद किया। बैरक में बंदी हत्यारोपी सुमित, परमजीत, नितेश, योगेश, नवीन व रोहित से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी मोबाइल उसका होने से मना कर दिया। जिस पर सभी छह बंदियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। सभी छह आरोपी एक ही गुट के है। इनमें भैंसवाल-कटवाल में हुए तिहरे हत्याकांड के आरोपी भी हैं। इन पर हत्या समेत अन्य मुकदमे दर्ज हैं। कोर्ट कॉम्पलेक्स चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 42ए प्रिजनर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रोडक्शन वारंट पर लेने के साथ मोबाइल नंबर की डिटेल निकालेगी पुलिस
जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचा। साथ ही मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकालकर पता लगाया जाएगा कि उससे किस नंबर पर किसने बातचीत की है। पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास करेगी।