औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोनीपत।
- फोटो : Sonipat
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों मेें रिक्त सीटों पर चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का बुधवार को अंतिम दिन रहा। आईटीआई में दाखिले के इच्छुक कुछ विद्यार्थियों ने साइबर कैफे पर, कुछ ने अपने कंप्यूटर से तो कुछ विद्यार्थियों ने आईटीआई मेें पहुंचकर ऑनलाइन आवेदन किया। जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, वे 31 दिसंबर तक चलने वाली ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के तहत दाखिला ले सकते हैं।
जिले की 13 आईटीआई में 5508 सीटों पर दाखिले के लिए 16 सितंबर से 7 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चली। इस दौरान जिला आईटीआई की 27 ट्रेड में 940 सीटों पर 6492 आवेदन प्राप्त हुए। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पांच चरणों में दाखिला प्रक्रिया चली। सीटें रिक्त रहने पर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दो बार ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया चलाई। उसके बाद भी जिले की 13 आईटीआई में कई ट्रेड्स में सीटें खाली हैं। विभाग ने खाली सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला देने का अंतिम अवसर दिया है।
जिला आईटीआई प्राचार्य विक्रम सिंह ने बताया कि पहले 13 से 19 दिसंबर तक ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई थी। सीटें खाली रहने पर विभाग ने अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर तक कर दी थी। अब ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के महज दो दिन शेष हैं। जो विद्यार्थी जिस भी संस्थान में दाखिला लेना चाहते हैं, वहां अपने प्रमाणपत्रों के साथ पहुंचकर मेरिट लिस्ट में स्थान बनाएं और दाखिला लें।