सोनीपत। स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल कर रहे स्कूली बच्चों को इस भीषण गर्मी में न तो पानी दिया जा रहा है न ही नाश्ता। पसीने से तर बच्चों को जब पानी नहीं मिला तो पुलिस लाइन के अंदर से खुद की बोतल भरकर लानी पड़ी। इस तरह की अव्यवस्था का पता लगने पर एसडीएम विजय सिंह ने डीईओ सतीश सोलंकी से नाराजगी जताते हुए कहा कि हमारे लिए तो बाजार से खरीदकर बोतल ला रहे हो और बच्चों के लिए एक बूंद पानी तक नहीं है।
बच्चों को रिफ्रेशमेंट के नाम पर खाने को कुछ भी नहीं दिया गया तो अपने साथ टिफिन लाने वाले बच्चों ने उससे भूख मिटाई, लेकिन घर से टिफिन नहीं लाने वाले बच्चे भूखे ही लौटे। इस तरह रिहर्सल के दौरान अव्यवस्था पूरी तरह से हावी रही, जिसका बच्चों के साथ आने वाले शिक्षकों विरोध जताया। एसडीएम ने जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को भी फोन कर पुलिस लाइन में हर हाल में पानी की व्यवस्था करने के आदेश दिए।
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सीएम मनोहर लाल ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए पुलिस लाइन में रिहर्सल की जा रही है। रिहर्सल में सैकड़ों बच्चे अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। रिहर्सल सुबह नौ बजे से 11 बजे तक की जाती है। रिहर्सल के दौरान रविवार को पूरी तरह अव्यवस्था दिखाई दी। रिहर्सल को पहुंचे बच्चों को एक-एक बूंद पानी के लिए तरसना पड़ा। भीषण गर्मी में पहले ही बच्चों की हालत खराब थी। ऐसे में पेयजल किल्लत ने उनकी हालत को बिगाड़ कर रख दिया। बच्चों को रिफ्रेसमेंट के नाम पर भी कुछ नहीं दिया जा रहा है। जिससे बच्चों के साथ ही उनके अध्यापकों में भी रोष है। कार्यक्रम का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम विजय सिंह को जब इसका पता लगा कि बच्चों के लिए पानी तक का प्रबंध नहीं है तो उन्होंने डीईओ को इसके लिए जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यहां उनके लिए तो बाजार से खरीदकर पानी मंगवाया गया है, लेकिन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मेहनत कर रहे इन बच्चों को बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। साथ ही जब उन्हें बच्चों को रिफ्रेशमेंट नहीं दिए जाने का पता लगा तो उन्होंने डीईओ को कहा कि चार दिन से बच्चे परेशान हैं और उन्हें इस बारे में अवगत तक नहीं कराया गया। उन्होंने सोमवार को सभी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस लाइन क्वार्टर और मेस से भरकर लाए पानी
रिहर्सल के दौरान अपनी बोतल लेकर पहुंचे बच्चे पुलिस लाइन क्वार्टर और मेस से पानी भरकर लाए। काफी दूर से पानी लेकर आने में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। इस दौरान बच्चों ने अमर उजाला से कहा कि वह पानी के लिए कई बार शिकायत तक कर चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एक तो गर्मी में रिहर्सल करना वैसे ही मुश्किल हो रहा है और उस पर पानी की किल्लत ने उनकी दशा बिगाड़ दी है। उन्हें काफी दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
गर्मी में कर रहे रिहर्सल
रिहर्सल का समय सुबह नौ से 11 बजे तक रखा गया है। रविवार सुबह से ही उमस भरी गर्मी ने बच्चों को काफी परेशान किया। गर्मी के बीच ही उन्हें अपने कार्यक्रमों की तैयारी करनी पड़ी। बच्चे रिहर्सल करते हुए पसीने से तर-बतर हो गए और उसके बाद भी उनको पानी नहीं मिला तो उनको काफी परेशानी हुई।
जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को फोन कर बोले एसडीएम क्यों नहीं भेज रहे पानी
एसडीएम विजय सिंह को जब बताया गया कि पानी का प्रबंध करने की जिम्मेदारी जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन की थी तो उन्होंने तुरंत उन्हें फोन कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पांच दिन से चल रही रिहर्सल के दौरान महज एक दिन ही पानी भेजा गया है। अब सोमवार को हर हाल में पानी की व्यवस्था की जानी चाहिए।
बच्चों की संख्या कम होने पर बोले अध्यापक रिफ्रेशमेंट तक नहीं मिलता
बच्चों की रिहर्सल के दौरान उन्हें प्रशासन की तरफ से ही रिफ्रेशमेंट दिया जाता है। इस बार में उन्हें रिफ्रेशमेंट नहीं मिल रहा है। कार्यक्रम में करीब एक हजार बच्चों को बुलाया गया था, लेकिन जब करीब 600 बच्चे ही मिले तो एसडीएम ने स्कूल अध्यापकों को बुलाकर इस बारे में पूछताछ की। अध्यापकों ने कहा कि जब बच्चों को रिफ्रेशमेंट तक नहीं मिलेगा तो वे क्यों आएंगे। यहीं कारण है कि वे नहीं आ रहे। एसडीएम ने डीईओ को सोमवार को हर हाल में रिफ्रेशमेंट का प्रबंध करने का निर्देश दिया।
डीईओ ने दो दिन पहले दिया था तर्क, रिफ्रेशमेंट नहीं मिलता
जब पहली बार हिंदू विद्यापीठ में शुक्रवार को रिहर्सल कराई गई तो उस दिन भी बच्चों को रिफ्रेशमेंट नहीं दिया गया था। जब यह बात डीईओ के संज्ञान में लाई गई तो उन्होंने जवाब दिया था कि बच्चों को रिफ्रेशमेंट स्कूल में नहीं दिया जाता है।
सोमवार को व्यवस्था सुधर जाएगी
स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल के दौरान पानी और रिफ्रेशमेंट का सामान नहीं मिला। जिसके चलते ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए है। सोमवार को स्थिति में हरहाल में सुधार करने को कहा गया है। मैं स्वयं सोमवार को स्थिति का जायजा लूंगा। बच्चों को पानी व रिफ्रेशमेंट दिए जाएंगे।
-विजय सिंह, एसडीएम सोनीपत।