मेट्रो रेल के आने पर भले ही शहरवासियों को सुविधा मिलेगी। मगर फिलहाल मेट्रो ट्रैक निर्माण जी का जंजाल बना हुआ है। ट्रैक निर्माण के चलते एक बार फिर से यातायात व्यवस्था में व्यवधान पड़ा है।
डीएमआरसी द्वारा बस स्टैंड चौक के नजदीक गहरी खुदाई का कार्य शुरू किया गया है। ऐसे में सेक्टर-9 मोड़ से लेकर बस अड्डा चौक तक तीन दिन के लिए शहर के बीचोंबीच से गुजर रहे रोहतक हाइवे लेन को बेरीकेड्स लगाकर बंद कर दिया है।
बस अड्डा चौक के पास सड़क के नीचे से गुजर रही पेयजल लाइनें मेट्रो ट्रैक के निर्माण में बाधा बन रही थी। इसलिए डीएमआरसी ने पेयजल लाइनों को शिफ्ट करने का निर्णय लिया। जलापूर्ति विभाग से मंजूरी ली गई। इस काम के लिए पूरी सड़क की खुदाई करनी जरूरी थी। इसलिए डीएमआरसी ने यातायात पुलिस से संपर्क कर इस मार्ग को बंद कराने का आग्रह किया। शुक्रवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-9 मोड़ के पास बेरिकेेडिंग कर बस स्टैंड तक रोहतक रोड को बंद कर दिया गया, तब लाइन शिफ्टिंग कार्य शुरू हो पाया।
शनिवार को इसका असर देखने को मिला। दिल्ली की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को सेक्टर-9 बाईपास से निकाला गया। रोहतक की ओर जाने वाले बड़े वाहन तो बाईपास से निकल गए और शहरवासी संपर्क मार्ग के जरिए किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचे। यही कारण रहा कि नजफगढ़ चुंगी, मेन बाजार, कमेटी चौक, झज्जर मोड़ पर अन्य दिनों की तुलना में काफी भीड़ भाड़ रही।
भटकते रहे यात्री
यात्री रोहित ने बताया कि वे सुबह पहले झज्जर मोड़ पर गए, वहां बस नहीं मिली तो बस अड्डे पर आए। मगर यहां भी उन्हें बस मिली। किसी ने बताया कि यहां से रोहतक की ओर बस नहीं जाएगी। दिनभर एक अन्य यात्री विकास ने कहा कि यहां से रोहतक के लिए बस नहीं मिली और छोटे वाहन रोहतक तक जाते नहीं। अब उन्हें झज्जर मोड़ के पास आटो से सांपला तक जाना पड़ेगा और फिर वहां से रोहतक के लिए बस या अन्य वाहन पकड़ना पड़ेगा।
पेयजल आपूर्ति भी बाधित
लाइन शिफ्टिंग के कारण कई इलाकों की पेयजल आपूर्ति भी बाधित हुई है। गांव परनाला, धर्मपुरा, एचएनजी कंपनी, आसपास की कुछ कालोनियों, लाइनपार की 30 फीसदी और कई कंपनियों की आपूर्ति ठप हो गई है। जब तक काम पूरा नहीं होता इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकेगी। उम्मीद है कि रविवार शाम तक स्थिति सामान्य हो जाए।
पुलिस कर्मी भी मुस्तैद
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सभी चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मी और होमगार्ड्स मुस्तैद रहें। यातायात पुलिस प्रभारी विष्णु भगवान कौशिक टीम सहित सेक्टर-9 मोड़ पर ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा संभाले रहे। जबकि बस अड्डा चौक, नजफगढ़ चुंगी, झज्जर मोड़ और देवीलाल पार्क के पास मेट्रो कर्मी, यातयात कर्मी और होमगार्ड्स कड़ी मेहनत करते दिखेे, ताकि यातायात में व्यवधान न पड़े।
जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता एसपी जोशी ने कहा कि पानी की लाइनें मेट्रो ट्रैक के निर्माण में अवरोध पैदा कर रही थीं। डीएमआरसी अधिकारियों ने उनसे लाइनें बाईपास कराने की बात कही। तब विभाग ने डीएमआरसी को अनुमति दे दी। उन्हाेंने कहा कि मेट्रो कर्मचारी जोरशोर से जुटे हैं, उम्मीद है कि रविवार शाम तक काम पूरा हो जाए। यदि इस कार्य के दौरान किसी क्षेत्र की पानी की आपूर्ति बाधित होती है, तो इसका समाधान भी डीएमआरसी ही करेगी।