सोनीपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 13 से 15 सितंबर तक मेगा वैक्सीनेशन अभियान चलाएगा। जिसमें 75 हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में अब तक 7 लाख 61 हजार 98 को पहली डोज व 2 लाख 56 हजार 990 को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। मुख्यालय द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग तीन दिन में 450 शिविर लगाएगा। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए उनके घर के पास गांवों व मोहल्ले में ही कोविड वैक्सीनेशन सेंटर बनाए जाएंगे।
कोरोना से बचने के लिए सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगवानी आवश्यक है। अभियान को लेकर सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक में मेगा टीकाकरण अभियान से संबंधित कामों का विभाजन करें। ताकि मुख्यालय द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूरा किया जा सके और जिले को कोरोना की चपेट में आने से बचाया जा सके।
-
गन्नौर में आज से लगाए जाएंगे टीकाकरण शिविर
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। गन्नौर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों व गांव में 12, 13 व 14 सितंबर को टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीमें भी गठित की जा चुकी हैं। यह टीकाकरण 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का किया जाएगा। जिसमें पहली व दूसरी डोज लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य निरीक्षक रमेश धनखड़ ने बताया कि 12 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर, जन कल्याण समिति कार्यालय गन्नौर, ग्राम सचिवालय गुमड़, शेखपुरा, अहीर माजरा, अगवानपुर व राधा स्वामी सत्संग भवन जीटी रोड में टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। 13 व 14 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर, गन्नौर आईटीआई, जाट धर्मशाला गन्नौर, मूलचंद अस्पताल गन्नौर, रेहड़ा बस्ती कन्या मदरसा, गन्नौर शिव मंदिर, बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फैक्ट्री नंबर 239, ज्ञानदीप स्कूल गन्नौर, अहीर माजरा, अगवानपुर, गढ़ीकेसरी राजकीय स्कूल में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में पहुंचने वाले व्यक्ति को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य है।
वर्जन
मुख्यालय के आदेश पर तीन दिन तक मेगा टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। जिसमें 450 टीकाकरण सेंटरों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। मुख्यालय से 75 हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य मिला है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घरों के पास वैक्सीनेशन शिविर लगाकर लोगों को वैक्सीन लगाएगी।
-डॉ. नीरज यादव, जिला टीकाकरण अधिकारी।