खरखौदा। गांव पहलादपुर में बाइक सवार हमलावरों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर गोली चला दी। गनीमत रही कि इस दौरान वह बाल-बाल बच गए और गोली शटर में जा लगी। शोर मचाने पर हमलावर बाइक सहित भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है। खरखौदा केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने थाने में पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव सिसाना निवासी सूरज ने बताया कि वह गांव पहलादपुर में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। सोमवार को वह अपने बेटे के साथ मेडिकल स्टोर पर मौजूद थे। रात करीब नौ बजे वह दोनों अपने स्टोर का शटर बंद कर रहे थे कि एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उनमें से पीछे बैठे हुए युवक ने उन पर गोली चला दी। इस दौरान वह बाल-बाल बच गए और गोली जाकर शटर में लग गई। सूरज का कहना है कि उन पर हमला किस कारण किया गया वह नहीं जानते। पुलिस ने सूरज के बयान पर हत्या की कोशिश व शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसोसिएशन ने की गिरफ्तारी की मांग
खरखौदा केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्य एकत्रित होकर मंगलवार को पुलिस स्टेशन पहुंचे। जहां पर उन्होंने हमलावरों को जल्द पकडऩे की मांग की है। इस पर पुलिस की तरफ से एसोसिएशन सदस्यों को जल्द हमलावरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है।