सोनीपत। एशियन कुश्ती चैंपियनशिप अंडर 23 में पदक विजेता पहलवान का जिले में पहुंचने पर रुपये व फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। पहलवान अमित ने प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीता है। यह प्रतियोगिता जॉर्डन के अम्मान में 27 से 30 जून तक आयोजित की गई थी। इसमें अमित ने बेहतरीन खेल प्रदर्शन दिखाया।
गांव जुआं निवासी अमित साल 2017 से गांव स्थित जुआं अखाड़ा में कड़ा अभ्यास कर रहा है। अमित के पदक जीतने से जिले व गांव में जश्न का माहौल है। पहलवान अमित ने प्रतियोगिता में 79 किलो भार वर्ग में भाग लिया था। पहलवान अमित को 79 किलो भार वर्ग के क्वालीफायर मुकाबले में मंगोलिया के पहलवान ननजाद बासन को 11-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में अमित को कजाखस्तान के पहलवान रुस्तम मिर्जगालियेव से 7-13 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं कांस्य पदक के लिए अमित ने जॉर्डन के एर्जो शमिल को 9-3 से मात दी। प्रशिक्षक संजीत ने बताया कि अमित की यह पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी। इसमें अमित ने पदक जीतकर देश, प्रदेश व जिले का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने बताया कि अमित बहुत मेहनती पहलवान है। पहलवान अमित ने कहा कि एशियन चैंपियनशिप में पदक जीतना तो केवल शुरुआत है, मेरा लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। पहलवान अमित ने जीत का श्रेय अपने माता, पिता व प्रशिक्षक को दिया हैं। पहलवान अमित का चयन 21 से 24 जुलाई को थाईलैंड में होने वाली अंडर 20 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इसमें पहलवान से पदक की आस है।