सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल (डीसीआरयूएसटी) में चल रही उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (मदवि), रोहतक की टीम प्रतियोगिता की विजेता बनी। पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला की टीम दूसरे स्थान पर रही।
सेमीफाइनल खेलने वाली टीमों ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में क्वालीफाई कर लिया है। प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ियों को डीसीआरयूएसटी मुरथल के कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने पुरस्कृत किया। अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबलों में टक्कर देखने को मिली। प्रतियोगिता में 58 विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय के खेल निदेशक एवं प्रतियोगिता के आयोजक सचिव डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सेमीफाइनल में हुए लीग मैचों के आधार पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला की टीम दूसरे स्थान पर रही। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की टीम ने तीसरा व सीसीएसयू, मेरठ की टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
यह रहा परिणाम
पहला मुकाबला : सेमीफाइनल में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला को 4-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा मुकाबला : पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ ने सीसीएसयू मेरठ की टीम को 4-1 से पराजित किया। तीसरा मुकाबला : पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की टीम को 4-1 से पराजित किया।
चौथा मुकाबला : मदवि रोहतक ने सीसीएसयू, मेरठ को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से पराजित किया। पांचवा मुकाबला : पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला ने सीसीएसयू, मेरठ की टीम को 5-0 से पराजित किया।
अंतिम मुकाबला : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की टीम को 5-0 से पराजित किया।