एचएसआईआईडीसी के एचओडी एवं उद्योगों के मुख्य समन्वयक सुनील शर्मा ने कहा कहा खरखौदा इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) को विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। यह तय है कि यहां प्रस्तावित मारुति उद्योग के लिए करीब 800 एकड़ जमीन दी जाएगी। इसके लिए आगामी सप्ताह में आने वाले कंपनी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद ही फाइनल डील पर मुहर लगेगी। इस संबंध में मिट्टी संबंधी जांच का काम पूरा हो चुका है।
शुक्रवार को राई एथनिक इंडिया में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि करीब 3200 एकड़ में बन रहे खरखौदा आईएमटी में अब तक 18 किलोमीटर सड़क मार्ग का काम 35 फीसदी पूरा हो चुका है। 100 करोड़ की राशि से आईएमटी में उत्तर से दक्षिण, दिल्ली रोड से सोहटी गांव की तरफ करीब 4-4 किलोमीटर लंबी तीन सड़कें बनाई जानी हैं। इसके बाद पूर्व से पश्चिम इन तीनों सड़कों को जोड़ते हुए सड़कें बनेंगी। सभी सड़कें 60 मीटर की चौड़ाई में बनाई जानी हैं।
मुख्य समन्वयक सुनील शर्मा ने बताया कि आईएमटी खरखौदा में कई बड़े प्रोजेक्ट आ रहे हैं। इनमें सबसे पहला मारुति उद्योग है, जिसे लेकर कई बार कंपनी की सरकार के साथ बातचीत हो चुकी है। उनके साथ सोमवार या मंगलवार को डील फाइनल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 3200 एकड़ में 2019 के बाद प्लॉट देने का काम शुरू किया गया था। यहां पानी व बिजली की सुविधाएं मुहैया करवाई जा चुकी हैं। 600 एकड़ एरिया में अब तक 2 बिड्स आ चुकी है। अब यहां पर केवल 1400 प्लॉट ही बाकी हैं। अब तक पारदर्शी तरीके से 9 करोड़ के 3100 प्लॉट अलॉट किए जा चुके हैं। इस दौरान उनके साथ आईएमटी खरखौदा के एस्टेट मैनेजर विकास गुप्ता, कुंडली के एस्टेट मैनेजर बनित भाटिया, राई के ऋषि चौहान व बड़ी के विनोद कत्याल मौजूद रहे।
पानीपत व सोहना में लगेंगे बड़ी कंपनियों के प्रोजेक्ट
सुनील शर्मा ने बताया कि पानीपत में आदित्य बिड़ला ग्रुप को 70 एकड़ जमीन दी थी, जिसकी पजेशन शुक्रवार को दी गई है। यहां पर पेंट का प्लांट लगेगा। इसके अलावा सोहना में एटीएल बैटरी की कंपनी को जमीन दी है। इसी तरह पटौदी के लिए 150 एकड़ जमीन भी बड़ी कंपनी को दी। रोहतक में टाटा स्टील का प्रोजेक्ट भी लगाने के लिए बातचीत चल रही है।
आईएमटी को दो साल में किया जाएगा पूरा
आईएमटी खरखौदा में 25 से 30 लोगों ने पजेशन ले ली है। दिन पहले तकनीकी दिक्कतों के कारण काम रोकना पड़ा था, लेकिन अब काम तेजी से चल रहा है। दो साल में आईएमटी तैयार हो जाएगा। जिन किसानों की जमीन पर आईएमटी बना हुआ है, उन्हें 290 प्लॉट दे चुके हैं।
31 करोड़ से सुधरेगी औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों की हालत
राई व कुंडली के औद्योगिक क्षेत्रों की खस्ताहाल सड़कों को लेकर उद्योगपतियों ने एचओडी को अवगत कराया। उद्योगपतियों ने बताया कि सड़कें इस कदर जर्जर हो चुकी हैं कि यहां से भारी वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। ट्रांसपोर्टेशन का काम ठप है। भारी वाहनों में माल लेकर जाना बेहद दिक्कत भरा है। इस पर सुनील शर्मा ने बताया बारिश का मौसम खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत तेज हो जाएगी। यहां पर करीब 31 करोड़ से सड़कों को सुधारा जाएगा, जिसके लिए बजट मंजूर हो चुका है। राई में 12 करोड़, बड़ी में 14 करोड़ के टेंडर हो चुके हैं, जिन पर शीघ्र ही काम शुरू होगा। उद्योगपतियों ने यह भी कहा कि सड़कें सीसी की बनाई जाएं। इसके लिए उन्होंने आगे सीसी की बनाने का आश्वासन दिया।