खरखौदा (सोनीपत)। केएमपी पर पिपली टोल प्लाजा के पास टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। हल्की चोटें लगने से घायल हुए लोगों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
गुरुग्राम निवासी दंपती अपने छह माह के बेटे व उनकी मौसी के साथ केएमपी के रास्ते कार से घर जा रहे थे। केएमपी पर पिपली टोल प्लाजा पार करते ही उनकी आई-20 कार का टायर फट गया। कार पलटने लगी। कार में आगे बैठी लड़की ने गोद में लिए हुए छह माह के भांजे को कार से बाहर फेंक दिया। इसके बाद कार कई पलटी खाने के बाद रुक गई। राहगीरों ने सड़क किनारे पलटी कार में फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला। बच्चे को भी सड़क से उठाया। हादसे में चारों को मामूली चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से चारों काे अस्पताल लाया गया।
महिला शीलम ने बताया कि वह उत्तराखंड से केएमपी होते हुए गुरुग्राम लौट रहे थे। इस दौरान जीजा-साली आगे बैठे थे और शीलम अपने छह माह के बेटे को लेकर पीछे बैठी थी। बेटे के रोने पर शीलम ने उसे आगे बैठी बहन को दे दिया। इसी बीच कार का टायर फट गया और कार पलटने लगी, तो शीलम की बहन ने गोद में लिए भांजे को कार से बाहर फेंक दिया। राहगीरों से सड़क हादसा देखकर एंबुलेंस को सूचना दी।