सोनीपत। यमुना नदी के मिमारपुर घाट के पास रेत खनन कंपनी के स्टॉक इंचार्ज की हत्या के आरोपी कंपनी के मैनेजर और उसके पांच साथियों को सीआईए-2 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव मच्छौला निवासी मैनेजर मोहित उर्फ मक्खी, बसौदी निवासी बिजेंद्र उर्फ विक्की, संजीत उर्फ कट्टू व मोहित कुमार, खेवड़ा निवासी मंजीत उर्फ चेपली व अंकुर चौहान के रूप में हुई। पुलिस ने सभी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। मोहित ने मुखबिरी करने के शक में वारदात को अंजाम दिया था।
गांव बसौदी निवासी जसबीर ने 26 जून को मुरथल थाना पुलिस को बताया था कि उसका भाई जयदीप उर्फ भोपाली (37) मिमारपुर के पास यमुना नदी के किनारे अल्टीमेट स्टॉक खनन कंपनी में इंचार्ज था। 25 जून की देर रात को उसकी लाठी-डंडे और रॉड से पीट-पीटकर व धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी थी। जयदीप ने तीन माह पहले ही खनन कंपनी में स्टॉक इंचार्ज के रूप में काम करने शुरू किया था। वह दो बच्चों का पिता था। पुलिस ने जसबीर के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जयदीप की हत्या से एक दिन पहले अल्टीमेट खनन कंपनी के मैनेजर मोहित उर्फ मक्खी ने भी कुछ युवकों के खिलाफ स्टॉक पर आकर पिटाई करने व गोली चलाने की कोशिश करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की जांच कर रहे सीआईए-2 के एएसआई जितेंद्र कुमार की टीम ने ब्लाइंड मर्डर से पर्दा उठाते हुए गांव मुरथल के रोहित को गिरफ्तार किया था। आरोपी खनन कंपनी का कारिंद है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने मैनेजर मोहित उर्फ मक्खी के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया था। अब पुलिस ने आरोपी मोहित उर्फ मक्खी व उसके पांच साथियों बिजेंद्र उर्फ विक्की, संजीत उर्फ कट्टू, मोहित कुमार, मंजीत उर्फ चेपली व अंकुर चौहान को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
बाक्स
सुरक्षा गार्ड नहीं होने पर हुआ था मोहित पर हमला, जयदीप पर था मुखबिरी का शक
जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में मोहित ने बताया कि 24 जून की देर रात को उस पर बख्तावरपुर के विपिन और फोता व मेहंदीपुर के मौनी ने साथियों के साथ मिलकर हमला किया था। उस पर पिस्तौल से गोली चलाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं चली, जिससे उसकी जान बच गई थी। उस रात को उनके सुरक्षा गार्ड की छुट्टी थी। उसी रात को हमला किया गया था। उसे शक था कि जयदीप ने विपिन को सुरक्षा गार्ड के छुट्टी पर होने की जानकारी दी थी। इसके चलते ही वारदात को अंजाम दिया गया था।
बाक्स
विपिन से रेत का हिसाब नहीं करने के लिए हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार विपिन खान से रेत लेकर जाता था। वह अकसर हिसाब नहीं करता था। इसी के चलते उसके साथ कई बार कहासुनी हो चुकी थी। वह उससे रंजिश रखने लगा था। उस दिन भी उसने स्टॉक पर आकर धमकी दी थी और गोली मारने की कोशिश की थी। हालांकि पिस्तौल में गोली फंस गई थी।
बाक्स
वारदात के बाद यूपी और उत्तराखंड भाग गए थे हमलावर
शुरुआती पूछताछ में पता लगा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देकर पहले यूपी व बाद में उत्तराखंड के देहरादून भाग गए थे। अब रिमांड के दौरान उनसे गहनता से पूछताछ की जाएगी। आरोपी वीरवार रात को मुरथल के पास आए तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
वर्जन
रेत खनन कंपनी में स्टॉक इंचार्ज की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी खनन कंपनी के मैनेजर व उसके पांच साथियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपी खनन कंपनी के कारिंदे नहीं है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। -इंस्पेक्टर सुनील कुमार, प्रभारी, सीआईए-2 सोनीपत।