दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार देर रात बूंदाबांदी के बाद वीरवार सुबह लोगों को राहत मिली। हालांकि दिनभर बादल छाए रहे। ठंडी हवा चलते से शाम को प्रदूषण का स्तर कम होने से लोगों को राहत मिल सकी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दो दिन के अंदर एक नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके बाद 8 व 9 जनवरी को फिर से बारिश होने का अनुमान है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार को दिनभर हल्की बारिश होती रही। बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा। वीरवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से तापमान में कमी होने का पूर्वानुमान है। न्यूनतम तापमान गिरकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जिला में 24 घंटे में औसतन 9 एमएम बारिश दर्ज की गई। सोनीपत ब्लॉक में जहां 12 एमएम बारिश हुई, वहीं गन्नौर ब्लॉक में 9 एमएम, गोहाना में 8 एमएम, खरखौदा में 9 एमएम, खानपुर कलां में 8 एमएम व राई ब्लॉक में 9 एमएम बारिश हुई। जिला में हुई बारिश से किसानों को काफी फायदा मिला है। किसानों का गेहूं का सिंचाई का खर्च कम हो गया है। वहीं कृषि विभाग ने भी सप्ताह के अंत तक फसलों की सिंचाई व स्प्रे न करने की सलाह जारी की है।
बूंदाबांदी के बाद नहीं सुधरा प्रदूषण का स्तर, हवा चलने से राहत
बुधवार को पूरे दिन हल्की बारिश होने के बावजूद हवा की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। वीरवार सुबह प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर था। हालांकि दिन में चली हवा के बाद शाम को राहत मिल सकी।
प्रदूषण सुबह शाम
एक्यूआई 223 132
पीएम-10 403 161
पीएम-2.5 301 136
वर्जन
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार के बाद जिला के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई है। इससे फसलों को काफी फायदा पहुंचा है। सबसे ज्यादा फायदा गेहूं की फसल को होगा। अभी रविवार तक बारिश होने के आसार बने हुए है।
- डॉ. अनिल सहरावत, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत
वर्जन
अभी बारिश होने का पूर्वानुमान है। तापमान में गिरावट आने से मौसम भी सर्द होगा। ठंडी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ेगी। फिलहाल ठंड से बचकर रहने की आवश्यकता है।
- डॉ. प्रेमदीप सिंह, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र सोनीपत