सोनीपत। शहर के एटलस रोड पर रोटरी क्लब के पास चार बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म संचालक पर पिस्तौल तानकर 59000 रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गए। पोल्ट्री फार्म संचालक नकदी एकत्रित कर घर लौट रहा था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के आदर्श नगर निवासी कमालुद्दीन ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि उसने अपना पोल्ट्री फार्म खोल रखा है। वह ईदगाह कालोनी और डबल स्टोरी क्षेत्र में पुल के नीचे मुर्गों की सप्लाई करते हैं। वह सोमवार को मुर्गों के सप्लाई की एवज में रुपये लेने गए थे। पहले वह ईदगाह कॉलोनी पहुंचे और वहां पर चार-पांच दुकानों से करीब 50000 रुपये एकत्रित हुए। वहां से वह डबल स्टोरी क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्होंने रिंकू की दुकान से 9000 रुपये लिए थे। वह नकदी बैग में डालकर अपने घर के लिए चल पड़े। जब वह एटलस रोड स्थित रोटरी क्लब के पास पहुंचा तो इसी दौरान दो युवक बाइक पर आए और उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। इससे पहले वह कुछ समझ पाता दूसरी बाइक पर दो अन्य युवक आ गए। उन्होंने उससे बैग छीनने का प्रयास किया तो उसने विरोध कर दिया। जिस पर एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उस पर तान दी। वह उसका नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इतना ही नहीं वह उसकी बाइक की चाबी भी साथ ले गए। उसने मामले से सिविल लाइन थाना पुलिस को अवगत कराया।
वर्जन
पोल्ट्री फार्म संचालक ने लूटपाट की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
- दर्पण सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।