राई। राई थाना पुलिस ने 21 वर्ष के दौरान 26 मामलों में पकड़ी गई 4105 पेटी शराब को नष्ट कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए एएसपी निकिता खट्टर व नायब तहसीलदार वेदप्रकाश की निगरानी में शराब को नष्ट किया जा रहा है। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पुलिस कांच की बोतल में मिली अवैध शराब को गड्ढे में डाला जा रहा है तो प्लास्टिक की बोतल में मिली शराब को बुलडोजर चलाकर नष्ट किया जा रहा है।
राई थाना प्रभारी विवेक मलिक ने बताया कि राई थाना पुलिस द्वारा वष 1999 से 2020 के बीच 26 मामलों में करीब 4105 पेटी शराब पकड़ी थी। जिसे मालखाने में रखा गया था। अधिकारियों के निर्देश पर शराब को नष्ट कराने निर्णय लिया गया है। इसके लिए एएसपी निकिता खट्टर, नायब तहसीलदार राई वेदप्रकाश व आबकारी इंस्पेक्टर रामपाल के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। जिसके तहत राई थाना के खाली परिसर में गड्ढा खोदकर कांच की बोतल को उसमें खाली किया जा रहा है। इसके साथ ही बुलडोजर बुलाकर प्लास्टिक पेटी में पकड़ी गई शराब को बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया है। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। जिससे पारदर्शिता बनी रहे।