- सेवानिवृत्त कर्मचारी से साइबर ठगी, 29 सितंबर को छह बार में किए अनधिकृत लेनदेन
- सितंबर में डाक से मिला था एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम बने क्रेडिट कार्ड के बिना एक्टिवेट हुए ही 1.50 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। 29 सितंबर को कार्ड से छह बार में कुल 1,49,996 रुपये के लेनदेन किए गए गए। बैंक से बिल भुगतान का मैसेज मिलने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला।
प्रगति नगर निवासी अल्ला मेहर (64) ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उन्होंने सितंबर में एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। करीब एक सप्ताह बाद बैंक की ओर से क्रेडिट कार्ड डाक के माध्यम से उनके घर पहुंचा। कार्ड को एक्टिवेट नहीं कराया। इस बीच 16 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक्सिस बैंक की ओर से क्रेडिट कार्ड के बिल भुगतान का मैसेज आया। जब वे बैंक ही शाखा में पहुंचे तो वहां पता चला कि 29 सितंबर को उनके क्रेडिट कार्ड से छह अनधिकृत लेनदेन कर 1,49,996 रुपये की राशि निकाल ली गई।
-वर्जन
- बैंक से मिले क्रेडिट कार्ड को इस्तेमाल करने से पहले उसकी स्थिति जांचें। शक होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें। कार्ड का नंबर, सीवीवी, ओटीपी और पिन किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। संदिग्ध लिंक और फर्जी वेबसाइट पर बैंक संबंधी जानकारी दर्ज न करें। क्रेडिट कार्ड पर ट्रांजेक्शन अलर्ट सक्रिय रखें और नियमित रूप से स्टेटमेंट जांचें।
-इंस्पेक्टर पवन, प्रभारी साइबर थाना सोनीपत।