खरखौदा। शहर के पुराने उपमंडल कार्यालय में करीब दो माह से पानी व सफाई की व्यवस्था का अभाव है। इससे यहां हर समय कूड़े का ढेर लगा रहता है। इससे कर्मचारियों व अधिकारियों परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वर्ष 2023 तक खरखौदा का पुराना उपमंडल कार्यालय न केवल अधिकारियों से भरा रहता था, बल्कि सुविधाओं के नाम पर भी यहां सभी व्यवस्थाएं की गई थी। जिनका लाभ यहां रहने वाले अधिकारी व कर्मचारी तो उठाते ही थे। साथ ही अपने विभिन्न काम करवाने के लिए आने वाले क्षेत्रवासियों को भी सुविधाओं का लाभ मिलता था। इसके बाद जब से लघु सचिवालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई कार्यालय स्थानांतरित हुए हैं।
उपमंडल कार्यालय के भवन की अनदेखी की जा रही है। यही कारण है कि यहां पर न तो नियमित रूप से सफाई हो रही है और न ही पेयजल की व्यवस्था विधिवत रूप से की गई है। ऐसे में यहां पर चलने वाले ट्रेजरी, कृषि विभाग व पटवारियों के साथ अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही यह परेशानी स्थानीय लोगों को भी उठानी पड़ रही है। सुविधाओं के अभाव में कई विभागों ने तो अब तक अपने कार्यालय को इस भवन में स्थानांतरित भी नहीं किया है। वह किराये पर ही दूसरी जगह चल रहे हैं।
वर्जन -
जल्द ही सफाई को लेकर टेंडर छोड़ा जाएगा। जिसमें पुराना उपमंडल कार्यालय के भवन की भी सफाई को शामिल करवाया जाएगा। वहीं पानी की व्यवस्था के लिए जन स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए जाएंगे, ताकि पेयजल की किल्लत को खत्म कि जा सके।-श्वेता सुहाग, एसडीएम खरखौदा