महेंद्रगढ़। शहर के कई हॉस्टल और पीजी बिना अनिवार्य अग्निशमन व्यवस्था व आपातकालीन निकास के संचालित हो रहे हैं। इन आवासीय प्रतिष्ठानों के पास आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी नहीं हैं। यह गंभीर स्थिति छात्रों और अन्य निवासियों के लिए बड़ा सुरक्षा जोखिम पैदा कर रही हैं।
बता दें कि शुक्रवार को शहर के कुछ पीजी की पड़ताल की गई। इसमें जांच करने पर कुछ पीजी में तो बेसमेंट में भी कमरे पाए गए। इनमें सभी कमरों में दो से तीन बैड मिले। वहीं, कमरों में न तो अग्निशमन व्यवस्था पाई गई और न ही आपातकालीन स्थिति के दौरान आपात निकास द्वार मिला। अगर किसी दिन इन स्थानों पर आग या भवन गिरने जैसी कोई आपात स्थिति हो जाए तो इससे कमरों में रह रहे नौकरीपेशा व छात्रों को नुकसान होने की संभावना है। दूसरी ओर भवनों कुछ स्थानों पर भवनों का प्लास्टर भी गिरा मिला और इनमें भी नमी अधिक होने से गिरने की संभावना हो सकती है। साथ ही पीजी संचालक भवनों को नया पेंट करवाकर चमका रहे हैं। इससे भवन की स्थिति का जांच के बिना सही पता नहीं लग पा रहा है। अब प्रशासन को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए और पीजी व हॉस्टल की जांच कर उचित निर्देश व कार्रवाई करनी चाहिए।
फोटो संख्या:72- होस्टल के कमरे में लगे बिस्तर--संवाद