गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के पास जीटी रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से यूपी प्रतापगढ़ के लालचंद्र की मौत हो गई। मृतक की पत्नी आरती ने इसकी एफआईआर थाना बड़ी में दी है।
पुलिस को करैनी बाघराय जिला प्रतापगढ उत्तर प्रदेश निवासी आरती ने बताया कि वह अपने पति लालचंद्र के साथ बड़ी गांव में किराये पर रह रही थी। 18 अप्रैल को वह अपने पति के साथ मजदूरी कर वापस कमरे पर लौट रही थी। जब वे जीटी रोड पार कर रहे थे तभी दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रही बाइक ने उनको टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसके पति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।