सोनीपत। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरी तरह से सतर्क है। 10 जुलाई से 23 जुलाई तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार पुलिस ने विशेष योजना बनाई है।
पुलिस ने इस बार केवल कानून व्यवस्था पर ही नहीं फोकस किया है, बल्कि यातायात नियंत्रण और रूट डायवर्जन पर भी विशेष बल दिया है। इसके तहत जिले की सीमा से गुजरने वाले कांवड़िए बिना किसी असुविधा के यात्रा पूरी कर सकेंगे।
तीन मुख्य मार्गों से होगा कांवड़ियों का प्रवेश
जिले में कांवड़ियों के प्रवेश के लिए तीन मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग चिह्नित किए गए हैं।
एनएच-71ए : पीपली–गन्नौर–रोहतक रोड
एनएच-334बी : कांधला–बड़ौत–गढ़मुक्तेश्वर रोड
एनएच-44 : मेरठ-गाजियाबाद–कुंडली–दिल्ली रोड
भारी वाहन कुंडली बाॅर्डर, मुरथल व गन्नौर से होंगे डायवर्ट
इन मार्गों पर यात्रा अवधि के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। वहीं, आमजन के वाहनों के लिए भी विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, ताकि कांवड़ियों या आम नागरिकों को परेशानी न हो। लोगों को जाम में न फंसना पड़े। पुलिस के जारी निर्देशों के अनुसार एनएच-334बी और एनएच-44 पर कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। भारी वाहनों को कुंडली बाॅर्डर, मुरथल व गन्नौर क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। इन रूटों पर पुलिस की ओर से लगाए गए बैरियर और साइन बोर्ड के जरिए मार्ग निर्देशित किए जाएंगे। यातायात नियंत्रण के लिए अलग-अलग नाके बनाए गए हैं, जिन पर पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। पेट्रोलिंग टीमों के साथ पीसीआर व राइडर यूनिट भी सक्रिय रहेंगी।
वाहनों को कहां से कहां के लिए मोड़ा जाएगा
कुंडली से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन पानीपत बाईपास की ओर मोड़े जाएंगे
मेरठ व बागपत की ओर से आने वाले वाहनों को बड़ौत होकर गढ़मुक्तेश्वर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
एनएच-71ए पर गन्नौर क्षेत्र से होते हुए रोहतक की ओर जाने वाले मार्ग पर विशेष ट्रैफिक ड्यूटी लगाई गई है।
प्रमुख स्थानों पर लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। साइबर सेल और खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है, जबकि सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को दूर करने के लिए पुलिस ने खास इंतजाम किए हैंं। रूट डायवर्ट कर कांवड़ियों के लिए आसान मार्ग बनाने का प्रयास किया जाएगा तो वहीं, सुरक्षा कारणों से जांच व नाकाबंदी बढ़ाई जाएगी। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर है और इसीलिए अहम इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
ममता सिंह, पुलिस आयुक्त।