गन्नौर। नयाबांस, बिलंदपुर, खेड़ी गुज्जर, दातौली और बेगा गांव की जर्जर सड़कों का जल्द ही सुधारीकरण शुरू किया जाएगा। इन पांचों सड़कों के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 3 करोड़ के टेंडर लगाए हैं। विभाग ने संबंधित एजेंसी को छह माह में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लंबे समय से नयाबांस, बिलंदपुर, खेड़ी गुज्जर, दातौली और बेगा गांवों के लोग जर्जर सड़कों के कारण परेशान थे। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की शिकायतों और जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद विभाग ने इन सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव मंजूर किया।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़कें सुधरने से गांवों का शहरों से संपर्क बेहतर होगा और किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी।
पांच गांवों की सड़कों को चौड़ा करने के साथ ही उनका मजबूतीकरण किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। काम तय समय में पूरा कर सड़कों को यातायात योग्य बनाया जाएगा।
पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग