ट्रेन में सफर रही महिला के बैग से नकदी, आभूषण और एटीएम कार्ड चोरी करने का मामला सामने आया है। पटियाला से दिल्ली जा रही महिला के पति का आरोप है कि उनके बैग से सोनीपत स्टेशन के आसपास चोरी की गई। दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच को सोनीपत पुलिस को भेज दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के द्वारका निवासी गोपाल सिंह यादव ने जीआरपी दिल्ली को बताया कि उसकी पत्नी मनीषा यादव 27 मार्च को ट्रेन में सवार होकर पटियाला से दिल्ली आ रही थी। उन्होंने अपनी सीट के ऊपर की बर्थ पर बैग रख दिया था। वहां पर बैग के बराबर में दो युवक बैठे हुए थे। वह दोनों युवक सोनीपत स्टेशन पर उतर गए। मनीषा यादव ने दिल्ली जाकर देखा तो बैग में रखा हुआ छोटा पर्स गायब था। उसमें एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, 45 सौ रुपये, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड थे। गोपाल यादव ने आशंका जताई है कि सोनीपत में उतरने वाले दोनों युवकों ने ही पर्स चोरी किया है। दिल्ली जीआरपी से जीरो एफआईआर दर्ज कर सोनीपत पुलिस को भेज दी है। सोनीपत जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।