सोनीपत: करोड़ों की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
गांव रसोई स्थित पारकर रेजीडेंसी में रहने वाले एक व्यक्ति को रिटेल स्टोर खोलने और बेहतर रिटर्न का झांसा देकर दो करोड़ रुपये की ठगी के मामले में आर्थिक अपराध शाखा ने दंपती समेत तीन आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी नई दिल्ली स्थित आदर्श नगर के केवल पार्क एक्सटेंशन निवासी मोहनलाल, उनकी पत्नी अनीता व व्यास हैं। आरोपियों के पास से फारच्युनर्र व इनोवा कार भी बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों को छह दिन के रिमांड पर लिया गया है।
आर्थिक अपराधा शाखा प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पारकर रेजीडेंसी में रहने वाले अतुल कौशिक ने 2 फरवरी, 2019 को कुंडली थाना पुलिस को बताया था कि उसके पास अंसल प्लाजा मॉल में एक दुकान थी। उसने दुकान को करीब सवा दो करोड़ रुपये में बेचा था। उसके पहचान वाले प्रॉपर्टी डीलर अमित को इसकी जानकारी थी। अमित ने वर्ष 2017 में उसे मोहनलाल वर्मा व वशिष्ठ वर्मा से मिलवाया था। उन्होंने कहा था कि वह एएम इंडिया मार्ट कंपनी के निदेशक हैं। उनकी कंपनी रिटेल स्टोर खोलकर उसमें पैसा लगाकर मुनाफा कमाती है। उन्होंने बेहतर रिटर्न का झांसा दिया था।
बाद में दोबारा आकर उन्होंने फरीदाबाद में रिटेल स्टोर खोलने की बात कहते हुए निदेशक व्यास कुमार वर्मा, कनकचंद वर्मा, अनीता वर्मा, संध्या वर्मा, मंशा वर्मा से भी मिलवाया था। मुनाफे के चक्कर में वह उनके झांसे में आ गया। इसके बाद उनके कहने पर उसने एक चेक 31 लाख, दूसरा चेक 1 करोड़ 67 लाख का दे दिया था। जून 2017 में उसने 2 लाख का चेक और दे दिया था। उसे रिटेल स्टोर नहीं मिला तो धोखाधड़ी का पता लगा । पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को मिली थी। जिस पर संदीप कुमार की टीम ने मोहनलाल, उसकी पत्नी अनीता व व्यास कुमार को महाराष्ट्र मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनसे ठगी के पैसों से खरीदी गई फारच्यूनर व इनोवा गाड़ी बरामद की है। उन्हें छह दिन के रिमांड पर लिया गया है।
गुरुग्राम व अलीगढ़ में दो-दो करोड़ ठगी की बात कुबूली
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यूपी के अलीगढ़ व गुरुग्राम के बादशाहपुर के रहने वाले दो अन्य लोगों से करीब दो-दो करोड़ रुपये की ठगी करना भी स्वीकार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जिससे उनके साथियों का पता लगाने के साथ ठगी की नकदी बरामद की जा सके।