सोनीपत। मॉडल टाउन स्थित शिक्षा विभाग कार्यालय में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा की अध्यक्षता में राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के मुखियाओं की बैठक हुई। इसमें 17 सितंबर को भाषण, 18 सितंबर को पेंटिंग और 19 सितंबर को रंगोली प्रतियोगिता कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद 21 सितंबर को खंड और 24 सितंबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय मुखियाओं को विद्यार्थियों की उचित तैयारी कराने और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एबीआरसी और बीआरपी भी मौजूद रहे।
इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों से संबंधित लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। एक पेड़ मां के नाम, एसएचवीआर, मानक इंस्पायर, यू-डाइस और एसडीएमएस समेत अन्य कार्यों पर चर्चा हुई। सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्धारित समय सीमा में लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
एबीआरसी मोनिका दहिया और सुनील सरोहा तथा बीआरपी शशि प्रभा और कमलेश ने भी समीक्षा में भाग लिया। अनिल वर्मा ने अधिकारियों और विद्यालय मुखियाओं से आपसी समन्वय के साथ विभागीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।